दिशोम गुरु शिबू सोरेन की सरलता और सहजता ने सभी को किया प्रभावित – श्रद्धांजलि में उमड़ा जनसैलाब
रांची/रामगढ़, 16 अगस्त : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संस्कार भोज में शनिवार को देश-विदेश से बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि नेमरा पहुंचे। इसी कड़ी में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास नेमरा पहुंचे और गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुजी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा— “दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी से मेरी कई मुलाकातें हुईं। उनकी सहजता, सरलता एवं व्यक्तित्व मुझे सदैव प्रभावित करता था। वे केवल आदिवासी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के अभिभावक के रूप में जाने जाते थे। मैं अपनी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
संस्कार भोज में पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव, योगगुरु बाबा रामदेव और पूर्व राज्यसभा सांसद आर.के. आनंद भी नेमरा पहुंचे। इन सभी ने गुरुजी की तस्वीर पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं।
गौरतलब है कि गुरुजी के संस्कार भोज में देशभर से लाखों की संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। विशाल पंडाल और श्रद्धांजलि स्थल पर गुरुजी की स्मृतियों को नमन करने का सिलसिला दिनभर जारी रहा।