पंचायत उन्नति सूचकांक पर जिलास्तरीय प्रसार कार्यशाला आयोजित, उपायुक्त हुई शामिल

संवाददाता खूंटी, 11 अगस्त : पंचायती राज विभाग, खूंटी की ओर से सोमवार को गोल्डन पैलेस स्थित सभागार में पंचायत उन्नति सूचकांक विषय पर जिलास्तरीय प्रसार कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में स्वागत संबोधन देते हुए जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया एवं कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत उन्नति सूचकांक के तहत गांव और पंचायत में किए गए अच्छे कार्यों को लेकर खूंटी जिला को राज्य में दूसरा स्थान मिला है। उन्होंने पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों को पोर्टल पर दर्ज करने पर बल दिया, जिससे राज्य स्तर पर उपलब्धियां दर्ज हो सकें।
कार्यक्रम में उपायुक्त ने पंचायत उन्नति सूचकांक पुस्तक का विमोचन किया और कहा कि पंचायत विकास से हीं जिले एवं राज्य का विकास संभव है। यह सूचकांक पंचायतों के प्रदर्शन का आकलन कर सही दिशा में सुधारात्मक कदम उठाने का माध्यम है। उन्होंने मुखिया एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की। साथ हीं पदाधिकारियों, कर्मियों एवं अन्य द्वारा किए जा रहे कर्यों का सही और अद्यतन डेटा उपलब्ध कराने और उसे नियमित रूप से पोर्टल पर दर्ज करने को कहा। साथ हीं आगामी PAI 2.0 की तैयारी में सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। PAI 1.0 में खूंटी को राज्य में मिले दूसरा स्थान को लेकर उपायुक्त ने बधाई देते हुए इसे आगे और बेहतर करने की अपील की।

इस अवसर पर विभिन्न पंचायतों एवं प्रखंड स्तर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों एवं मुखिया को सम्मानित किया गया, जिनमें जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी कर्रा एवं तोरपा, तथा कर्रा प्रखंड के लोधमा पंचायत की मुखिया शामिल हैं।
उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत उन्नति सूचकांक विकास की दिशा तय करने का सशक्त साधन है। सरकारी आंकड़े और डेटा से हीं यह संभव है कि किस क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है और कहा सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने भी खूंटी को राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी।
कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से पंचायत उन्नति सूचकांक की अवधारणा, विभिन्न सूचकांक क्षेत्रों, आंकड़ों की प्रविष्टि एवं सत्यापन प्रक्रिया, जिले के प्रदर्शन, स्वस्थ एवं सुशासित पंचायत, बेस्ट परफॉर्मिंग पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत आदि विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, जिला परिषद उपाध्यक्ष मंजू देवी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



