नव नियुक्त सहायक आचार्यों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित – सहायक आचार्यों को मिला पदस्थापन पत्र

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नव नियुक्त सहायक आचार्यों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित – सहायक आचार्यों को मिला पदस्थापन पत्र

जमशेदपुर, 17 जुलाई : समाहरणालय सभागार में नव नियुक्त सहायक आचार्यों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने नव नियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। साथ ही सभी को पदस्थापन पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सभी नव नियुक्त सहायक आचार्य कठिन संघर्ष और अथक परिश्रम के बाद इस मुकाम तक पहुंचे हैं। इस उपलब्धि में उनके माता-पिता, शिक्षकों तथा समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने नव नियुक्त शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे जिम्मेदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वह्न करेंगे, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेंगे ताकि वे भी आगे बढ़कर समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत बन सकें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका सशक्त समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा ईमानदारी और समर्पण से कार्य करने वाले शिक्षकों को समाज में सदैव सम्मान प्राप्त होता है।

उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने कहा कि नव नियुक्त शिक्षकों की पेशेवर यात्रा आज से प्रारंभ हो रही है। राज्य सरकार को आपसे बड़ी अपेक्षाएं हैं और सरकार की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि चाहे शहरी क्षेत्र हो या ग्रामीण, जहां भी पदस्थापना मिले उसे सहर्ष स्वीकार करते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करें। शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में यह नियुक्ति महत्वपूर्ण है। यदि कार्य के दौरान किसी प्रकार की समस्या आती है तो प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा।

उन्मुखीकरण कार्यक्रम में नव नियुक्त सहायक आचार्यों को विभागीय कार्यप्रणाली, शैक्षणिक दायित्वों, विद्यालय प्रबंधन तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त द्वारा राज्य सरकार के दिशा निर्देशानुसार सभी सहायक आचार्यों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में डीईओ, डीएसई व अन्य पदाधिकारी, कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article