श्री शनिदेव भक्त मंडली ने कैंसर पीड़ित बच्चे के लिए किया 501वां प्लेटलेट डोनेशन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

श्री शनिदेव भक्त मंडली ने कैंसर पीड़ित बच्चे के लिए किया 501वां प्लेटलेट डोनेशन

मंडली संस्थापक विनय चंद्र दास ने निभाई मानवता की मिसाल, रांची रिम्स में किया SDP डोनेशन

जमशेदपुर/रांची, 07 अगस्त : “एक पहल समाज के लिए” के उद्देश्य के साथ कार्यरत श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) एक बार फिर सेवा कार्य की मिसाल बन गई। कैंसर से जूझ रहे छह वर्षीय मासूम आयुष दास, जो मंडली परिवार से ही संबंध रखते हैं, के इलाज के दौरान प्लेटलेट काउंट गंभीर रूप से गिर जाने पर SDP (सिंगल डोनर प्लेटलेट) डोनेशन की अत्यंत आवश्यकता पड़ी।

रांची के रिम्स अस्पताल में उपचाररत आयुष के लिए रांची में कोई उपयुक्त डोनर न मिलने पर, आदित्यपुर- गम्हरिया निवासी मंडली संस्थापक विनय चंद्र दास ने मानवता का परिचय देते हुए स्वयं SDP डोनेट करने का निर्णय लिया। वह न केवल जमशेदपुर से रांची तक अपने स्वयं के खर्च पर पहुँचे, बल्कि एक दिन सैंपल देकर और अगले दिन डोनेशन कर इस पुनीत कार्य को संपन्न किया।

यह श्री शनिदेव भक्त मंडली की ओर से अब तक का 501वां SDP डोनेशन था, वहीं वर्ष 2025 का यह 94वां प्लेटलेट डोनेशन रहा। व्यस्त दिनचर्या के बीच समय निकालकर इस प्रकार का सेवा कार्य करना न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

इस मानवीय कार्य के साक्षी बने मंडली के संस्थापक-संरक्षक विनय चंद्र दास के साथ मंडली के वरिष्ठ सदस्य सुरेन्द्र दास भी उपस्थित रहे।

मंडली के इस सेवा भाव को समाज में सराहा जा रहा है। कोटि-कोटि नमन ऐसे रक्तवीरों को, जो निःस्वार्थ भाव से पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित हैं।

Share This Article