
विधानसभा परिसर में सभी दलों के नेता देंगे अंतिम श्रद्धांजलि, नेमरा गांव में होगा अंतिम संस्कार
रांची, 05 अगस्त : झारखंड आंदोलन के प्रणेता और तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे दिशोम गुरु शिबू सोरेन को अंतिम विदाई देने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आज सुबह रांची के मोरहाबादी स्थित सरकारी आवास से उनका पार्थिव शरीर अंतिम यात्रा के रूप में झारखंड विधानसभा ले जाया गया, जहां राज्य के सभी राजनीतिक दलों के नेता, विधायक, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
शव यात्रा की अगुवाई मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं कर रहे हैं। उनके साथ छोटे पुत्र बसंत सोरेन, झामुमो की राज्यसभा सांसद महुआ मांझी, पार्टी नेता बिनोद पांडेय समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
सोमवार शाम शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर दिल्ली से रांची लाया गया था। इसके बाद उन्हें मोरहाबादी स्थित आवास पर आम जनता के दर्शनार्थ रखा गया। रातभर और आज सुबह तक हजारों की संख्या में लोग वहां पहुंचे और अपने प्रिय नेता को अंतिम नमन किया। आम नागरिकों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी गुरुजी के प्रति श्रद्धा निवेदित की।
विधानसभा में राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि के उपरांत, गुरुजी के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव नेमरा (प्रखंड गोला, जिला रामगढ़) ले जाया जाएगा, जहां पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। नेमरा में भी अंतिम संस्कार की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शिबू सोरेन का जाना झारखंड की राजनीति और सामाजिक चेतना के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आज उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी, लेकिन उनके विचार, संघर्ष और योगदान हमेशा जीवंत रहेंगे।


