झारखंड जनाधिकार महासभा ने स्थगित किया प्रस्तावित धरना

जमशेदपुर, 4 अगस्त : झारखंड विधानसभा के समक्ष झारखंड जनाधिकार महासभा का 5 अगस्त 2025 को प्रस्तावित विशाल धरना स्थगित कर दिया गया है। झारखंड जनाधिकार महासभा के प्रतिनिधि दीपक रंजीत ने प्रेस बयान जारी कर बताया कि महासभा द्वारा नियोजन नीति, स्थानीय नीति में आरक्षण, शिक्षा सुधार, और आदिवासी, महिला एवं पिछड़े वर्गों को न्याय दिलाने के लिए 5 अगस्त 2025 को झारखंड विधानसभा के समक्ष प्रस्तावित विशाल धरना आयोजित किया था। प्रस्तावित धरना को अब स्थगित किया जाता है।
यह निर्णय झारखंड के गौरव, आदिवासी अस्मिता के प्रतीक, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के शोक में लिया गया है। महासभा उनके प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करती है और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
उन्होंने कहा कि हालांकि यह स्थगन केवल तात्कालिक है, महासभा की मांगें यथावत हैं। यदि सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया, तो यह संघर्ष और अधिक व्यापक रूप लेगा। आंदोलन की नई तिथि एवं रणनीति की घोषणा जल्द की जाएगी।


