दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर शोक सभा आयोजित कर सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन ने दी श्रद्धांजलि

सरायकेला, 04 अगस्त : राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर सोमवार को सरायकेला खरसावां जिला समाहरणालय सभागार में शोकसभा आयोजित किया गया। मौके पर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा एवं अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित किया। पदाधिकारी और कर्मियों ने दिसंबर गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
तीन दिनों का राजकीय शोक
झारखंड सरकार, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य सभा सांसद शिबू सोरेन के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक मनाया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य सभा सांसद के सम्मान में राज्य सरकार ने 04 से 06 अगस्त 2025 तक 03 (तीन) दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है।
उक्त अवधि में झारखंड राज्य के उन सभी भवनों, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते हैं, पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे एवं किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जायेगा। राज्य सरकार द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि राज्य सरकार के सभी कार्यालय 04 एवं 05 अगस्त को बंद रहेंगे।



