नीमडीह पुलिस की सख़्त कार्रवाई : झिमड़ी गांव के पास सांखा नदी में अवैध बालू खनन पर कसा शिकंजा

नीमडीह, 04 अगस्त : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन से छुपाते छुपाते अवैध बालू खनन का कार्य चल रहा था। क्षेत्र में स्थित संखा नदी से कारोबारी ट्रैक्टर के माध्यम से बालू का अवैध निकासी कर रहे थे। आज सुबह पुलिस को सूचना मिली कि झिमड़ी के समीप सांखा नदी से कुछ स्थानीय लोग ट्रैक्टर के माध्यम से अवैध रूप से बालू का उठाव कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।
सूचना मिलते ही नीमडीह पुलिस हरकत में आई और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। थाना प्रभारी संतन तिवारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान नदी की ओर बालू ले जाने वाले अस्थायी रास्ते को जेसीबी मशीन की सहायता से काटकर पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।

नीमडीह पुलिस ने बताया कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। मामले की जांच के उपरांत दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी तरह के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की है।



