प्रख्यात पत्रकार हरिनारायण सिंह का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

रांची, 03 अगस्त : रांची के वरिष्ठ और प्रख्यात पत्रकार हरिनारायण सिंह का निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की जानकारी उनके पुत्र राकेश सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की। इस दुखद समाचार के सामने आते ही पूरे पत्रकारिता जगत समेत सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
हरिनारायण सिंह ने पत्रकारिता के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक समय तक अपनी बेहतरीन सेवाएं दीं। वे वर्षों तक प्रभात खबर में अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे। इसके बाद उन्होंने हिंदुस्तान में संपादक के रूप में कार्य किया और अपनी अलग पहचान स्थापित की। वर्तमान में वे आज़ाद सिपाही समाचार पत्र में संपादक पद पर कार्यरत थे।
रांची की पत्रकारिता बिरादरी ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। उनके लेखन, सामाजिक दृष्टिकोण और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी भूमिका प्रेरणास्रोत रही है और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी।



