जयराम महतो नंगे पांव पहुंचे विधानसभा, कहा- लोकतंत्र के मंदिर में ऐसे ही करूँगा प्रवेश, संघर्ष जारी रहेगा

रांची, 1 अगस्त , ManbhumUpdates.com डेस्क
डुमरी विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के अध्यक्ष जयराम महतो आज छठे विधानसभा सत्र (मानसून सत्र) के पहले दिन भी नंगे पांव विधानसभा पहुंचे। लोकतंत्र के मंदिर के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्होंने विधानसभा भवन के द्वार को नमन किया और फिर अंदर प्रवेश किया। यह पहली बार नहीं है जब वे इस तरह सदन पहुंचे हों — इससे पूर्व भी सत्र में वे नंगे पांव ही आए हैं, जो चर्चा का विषय बन चुका है।
जयराम महतो ने अपने इस संकल्प को दोहराते हुए कहा, “मैं हमेशा लोकतंत्र के इस मंदिर में नंगे पांव ही प्रवेश करूंगा। यह मेरे सम्मान और आस्था का प्रतीक है।”
मानसून सत्र में भाग लेने से पहले उन्होंने मीडिया से कहा, “आज प्रारंभ हो रहे विधानसभा सत्र में पहले दिन सदन पहुंचा हूँ। आम जनमानस की मुझसे अपार अपेक्षाएं हैं। मैं आपके विश्वास पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। झारखंड के सभी ज्वलंत मुद्दों पर सवाल डाले हैं। कृपया आशीर्वाद दें, इन मुद्दों पर बहस का अवसर मुझे मिले। मेरा संघर्ष जारी रहेगा।”
जयराम महतो ने इस सत्र के लिए जिन मुद्दों को उठाया है, उनमें जल, जंगल, जमीन, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं प्रमुख हैं। वे लगातार सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करते आए हैं।
जनप्रतिनिधि के तौर पर अपने कर्तव्यों को लेकर उनकी यह संजीदगी और निष्ठा उन्हें अन्य विधायकों से अलग पहचान दिला रही है। मानसून सत्र के दौरान उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सदन में बहस कितनी सार्थक होगी, यह आने वाले दिनों में देखने की बात होगी।
ManbhumUpdates.com



