पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने जलापूर्ति योजनाओं को लेकर पेयजल मंत्री से की मुलाकात

रांची, 01 अगस्त : राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद से आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्वी सिंहभूम जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की अद्यतन स्थिति और उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने जलापूर्ति परियोजनाओं की प्रगति का उल्लेख करते हुए मंत्री से आग्रह किया कि जिन योजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक या वित्तीय कारणों से कार्य प्रभावित हो रहा है, उन्हें शीघ्र सुलझाया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने मंत्री का ध्यान जिले में पेयजल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों की ओर आकृष्ट कराते हुए कहा कि गर्मी व मानसून के दौरान जल की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। इसपर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विभागीय स्तर पर उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम जिले से जुड़ी अन्य जनसरोकार की समस्याओं को भी मंत्री के समक्ष रखा, जिनमें स्वच्छता, ग्रामीण विकास व बुनियादी ढांचे से संबंधित विषय शामिल रहे।
यह मुलाकात सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और उम्मीद जताई जा रही है कि जिले की लंबित योजनाओं के निष्पादन में गति आएगी।



