झारखंड की धरती की बेटी ने निभाई अपनी परंपरा, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने की धान रोपाई – खेतों में महिलाओं के साथ मिलकर की धान की बुआई, सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
रांची, 18 जुलाई। झारखंड सरकार की कृषि मंत्री एवं मांडर विधानसभा की विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने शुक्रवार को परंपरा और कृषि से जुड़ाव का अद्भुत उदाहरण पेश किया। उन्होंने खेतों में उतरकर महिलाओं के साथ धान की रोपनी की और इस विशेष क्षण को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से साझा भी किया।

मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खेत में काम कर रहीं महिलाओं के साथ मिलकर धान के बिचड़े लगाए। उनके चेहरे पर ग्रामीण परिवेश से जुड़ने की आत्मीयता और गर्व साफ झलक रही थी। उन्होंने लिखा – “झारखंड में ये वक्त धान रोपनी का है। यह मेरा सौभाग्य है कि मैं इस परंपरा का हिस्सा हूं और इस धरती की बेटी!”
मंत्री ने आगे कहा कि धान रोपनी झारखंड की कृषि संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है, जो सिर्फ खेती नहीं बल्कि एक सामूहिक उत्सव है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि इस वर्ष भी झारखंड की धरती पर हरियाली छा जाए और किसानों के चेहरे पर खुशहाली बनी रहे।
खेतों में मंत्री को देख खुश हुए ग्रामीण

मंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीण महिलाएं और किसान भी उत्साहित दिखे। खेतों में उनके साथ धान रोपनी कर रहीं महिलाओं ने कहा कि मंत्री जी का इस तरह हमारे साथ काम करना हमें और भी प्रेरित करता है।
कृषि संस्कृति से गहराई से जुड़ी हैं मंत्री
ज्ञात हो कि शिल्पी नेहा तिर्की न सिर्फ एक जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि वे झारखंड की मिट्टी और परंपरा से गहराई से जुड़ी हुई हैं। अक्सर वे किसानों से सीधा संवाद करती हैं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से प्रयास करती हैं।

शिल्पी नेहा तिर्की की यह पहल इस बात का प्रमाण है कि अगर नेतृत्व जमीनी स्तर से जुड़ा हो, तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उनकी यह पहल राज्य की कृषि परंपरा को नया संबल देने का कार्य कर रही है।



