सेवा को मिला सम्मान – पूर्व सैनिक सुशील कुमार सिंह बने भारत भारती संस्था के कार्यकारी प्रदेश सचिव

जमशेदपुर, संवाददाता ,मानभूम अपडेट्स,18 जुलाई:
समाजसेवा के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय भूमिका निभा रहे सुशील कुमार सिंह को उनकी सेवाओं के लिए बड़ा दायित्व मिला है। भारत भारती संस्था की केंद्रीय टीम ने उन्हें झारखंड प्रदेश का कार्यकारी सचिव मनोनीत किया है। यह घोषणा वडोदरा में आयोजित भारत भारती के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान की गई, जहां राष्ट्रीय सचिव रुद्रनारायण तिवारी, कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष संजय मेहरोत्रा एवं विनय पत्राले ने संयुक्त रूप से यह घोषणा की।
सुशील कुमार सिंह बीते 17 वर्षों से पूर्व सैनिक सेवा परिषद से जुड़े हुए हैं और सैनिक परिवारों के सहयोग एवं सेवा में लगातार समर्पित हैं। इसके साथ ही वे सहारा सिटी मानगो में सचिव के रूप में तथा मानगो नगर पालिका में स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर के रूप में भी उल्लेखनीय सेवाएं दे रहे हैं। उनके कार्यों को देखते हुए भारत भारती संस्था द्वारा यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।
दायित्व मिलने के बाद सुशील कुमार सिंह ने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा, “मैं संगठन के लक्ष्यों को झारखंड में जमीनी स्तर पर उतारने के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करूंगा। आप सबका मार्गदर्शन और सहयोग मेरी प्रेरणा है।”
उन्होंने आगे कहा कि समाज की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान ही बड़े बदलाव की नींव रखता है। उन्होंने जिले में पूर्व सैनिकों के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उन्हें हमेशा सहयोग और प्रेरणा दी।
इस नियुक्ति से झारखंड में समाज सेवा से जुड़े कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद की जा रही है।



