चांडिल डैम का जलस्तर खतरे के निशान के करीब, 180 मीटर से ऊपर हुआ जलस्तर – स्वर्णरेखा नदी में उफान से तटीय क्षेत्रों में अलर्ट

चांडिल, 15 जुलाई ,विशेष रिपोर्ट : चांडिल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जारी मूसलधार बारिश ने हालात चिंताजनक बना दिए हैं। मंगलवार सुबह चांडिल डैम का जलस्तर 180.20 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान के करीब माना जा रहा है। इससे डैम प्रशासन को जल प्रबंधन के तहत डैम के 10 फाटकों को और अधिक खोलना पड़ा है।
डैम से अब कुल 1814 क्यूसेक पानी स्वर्णरेखा नदी में छोड़ा जा रहा है। चार फाटकों को ढाई-ढाई मीटर और छह को दो-दो मीटर तक खोला गया है, जिससे स्वर्णरेखा नदी में जलप्रवाह अचानक तेज हो गया है। नदी का बहाव तेज होने के कारण तटीय इलाकों में जलभराव और बाढ़ की आशंका बढ़ गई है।
सोमवार को डैम का जलस्तर 179.90 मीटर था, और सभी फाटक 2-2 मीटर खुले थे। पिछले 24 घंटों में जलस्तर में 30 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे जल संसाधन विभाग पूरी स्थिति पर सतत नजर बनाए हुए है।
प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों के लिए एहतियाती अलर्ट जारी कर दिया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने भी संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे स्वर्णरेखा नदी के आसपास न जाएं और अफवाहों पर ध्यान न दें। हालात पर कड़ी नजर रखते हुए जरूरत पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य चलाने की रणनीति तैयार की जा रही है।



