नक्सल विरोधी अभियान को मिली बड़ी सफलता : सारंडा के जंगलों में चाईबासा पुलिस और कोबरा 209 की बड़ी कार्रवाई, नक्सली बंकर ध्वस्त, आईईडी बरामद

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नक्सल विरोधी अभियान को मिली बड़ी सफलता : सारंडा के जंगलों में चाईबासा पुलिस और कोबरा 209 की बड़ी कार्रवाई, नक्सली बंकर ध्वस्त, आईईडी बरामद

चाईबासा, 12 जुलाई : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा और कोल्हान के जंगलों में एक बार फिर नक्सल रोधी अभियान ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भा०क०पा० (माओवादी) के शीर्ष नेताओं के मूवमेंट की गुप्त सूचना मिलने के बाद, चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया।

इस संयुक्त कार्रवाई के तहत 8 जुलाई 2025 को छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगली पहाड़ी इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन की शुरुआत की गई थी। गुप्त सूचना के अनुसार, नक्सलियों ने इस क्षेत्र में सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से भारी मात्रा में विस्फोटक और दैनिक उपयोग की सामग्री छुपा रखी थी।

लगातार चार दिनों तक चले सघन सर्च अभियान के दौरान, 11 जुलाई को सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता मिली। छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगली पहाड़ी इलाके से लगभग दो आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) और करीब पांच नक्सली बंकर बरामद किए गए। इन बंकरों से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और नक्सल गतिविधियों में उपयोग होने वाली चीजें बरामद की गईं।

बरामद सामग्री में इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, वॉकी-टॉकी सेट, सेफ्टी फ्यूज, एरो बम असेंबली, इलेक्ट्रिक वायर, सिरिंज मैकेनिजम, काली एवं हरी वर्दियाँ, एम्युनिशन पाउच तथा अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं शामिल हैं।

बरामद आईईडी को बम निरोधक दस्ते की मदद से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं सुरक्षाबलों ने सभी बंकरों को ध्वस्त कर दिया है।

बताया जा रहा है कि इस इलाके में माओवादी संगठन के शीर्ष नेता जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्तों के साथ विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे थे।

पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम की अगुवाई में चलाए जा रहे इस अभियान को इलाके में माओवादियों की कमर तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल, अभियान जारी है और सुरक्षाबलों द्वारा क्षेत्र में हाई अलर्ट बरकरार रखा गया है।

 

ManbhumUpdates.com

Share This Article