विश्व जनसंख्या दिवस पर शुरू हुआ जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा, 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा 2025 का सरायकेला में भव्य शुभारंभ, उपायुक्त ने बताया जनसंख्या स्थिरता का महत्व

 

 

विश्व जनसंख्या दिवस पर शुरू हुआ जनसंख्या नियंत्रण पखवाड़ा, 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान

सरायकेला, 11 जुलाई  : विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आज सरायकेला सदर अस्पताल परिसर में जनसंख्या स्थिरता अभियान 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह ने की। इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी, सरायकेला और खरसावां विधानसभा के विधायक प्रतिनिधिगण समेत अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

यह अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक सेवा प्रदायगी पखवाड़ा के रूप में चलाया जाएगा, जिसमें योग्य दंपतियों को एनएसवी ऑपरेशन, महिला बंध्याकरण, आईयूसीडी, पीपीआईयूसीडी एवं अंतरा इंजेक्शन जैसी परिवार कल्याण सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

इस अवसर पर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए जनसंख्या वृद्धि एक गंभीर चुनौती बन चुकी है। उन्होंने बेटियों के जन्म के बाद भी संतान की चाह और विशेषकर लड़के की चाह जैसी मानसिकता को जनसंख्या वृद्धि की प्रमुख वजह बताया। उन्होंने कहा कि यह सोच न केवल संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव डालती है, बल्कि बेरोजगारी, भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था की समस्याओं को भी जन्म देती है।

उपायुक्त ने जोर देते हुए कहा कि “परिवार नियोजन न केवल व्यक्तिगत, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय विकास की नींव है।” उन्होंने कहा कि छोटे परिवारों के माध्यम से ही बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आर्थिक समृद्धि और सामाजिक संतुलन सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि जिला एवं प्रखंड स्तर पर कार्ययोजना बनाकर अभियान को प्रभावशाली तरीके से लागू करें, साथ ही डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को जनसंख्या नियंत्रण के लाभों से अवगत कराएं।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि भारत अब जनसंख्या के मामले में विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में अब भी जागरूकता की कमी है, जिससे परिवार नियोजन कार्यक्रमों का असर सीमित रह गया है। उन्होंने इस दिशा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मीडिया और स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि (सरायकेला) सानंद आचार्या, विधायक प्रतिनिधि (खरसावां) अनुप सिंहदेव, और अन्य गणमान्य अतिथि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article