चौका-कांड्रा सड़क पर लखना सिंह घाटी में चलती ट्रक में लगी आग, बुझाने में जुटे दमकल कर्मी

चांडिल, 10 जुलाई : चौका-कांड्रा सड़क पर चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत लखना सिंह घाटी में गुरुवार की सुबह एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक कांड्रा की ओर से चौका की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि चलती ट्रक में अचानक आग भड़क उठी। घटना के दौरान चालक ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक को किनारे लगाने का प्रयास किया। इसी क्रम में ट्रक सड़क किनारे की रेलिंग से टकरा गया। ट्रक खाली है और आग लगने के कारण इसका केबिन पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है। चलती ट्रक पर आग कैसे लगी इसका सही करण का पता नहीं चल सका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि ट्रक में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी होगी। ट्रक पर आग लगने की सूचना मिलने के बाद चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर रही है। वही दमकल विभाग को भी इसकी सूचना दे दी गई थी। सूचना मिलते ही अग्निशमन वाहन आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची और दमकल कर्मी ट्रक पर लगी आग को बुझाने में जुट गए।
विदित हो की बीते 20 जून को टाटा रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर चौका थाना क्षेत्र के बडामटांड में भी एक चलती ट्रक में अचानक आग लग गई थी। उस समय भी ट्रक चालक ने बुद्धिमता का परिचय देते हुए ट्रक को सड़क के किनारे लगाया और कूद कर अपनी जान बचाई थी। फिलहाल ट्रक दूदू कर जल रहा है और लोग दमकल कर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।



