कानाईसर पहाड़ पूजा से लौटते समय भीषण सड़क हादसा – शराब के नशे में धुत पिकअप वैन चालक ने ली युवक की जान, दूसरा गंभीर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कानाईसर पहाड़ पूजा से लौटते समय भीषण सड़क हादसा – शराब के नशे में धुत पिकअप वैन चालक ने ली युवक की जान, दूसरा गंभीर

चाकुलिया/गालूडीह, 6जुलाई : कानाईसर पहाड़ पूजा के उत्सव के बीच एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शनिवार रात चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत चालूनिया पंचायत के जोड़ाआम क्षेत्र में दो युवकों को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि गालूडीह निवासी एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज चाकुलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप चालक शराब के नशे में था और तेजी से वाहन चला रहा था। अचानक उसने नियंत्रण खो दिया और कानाईसर पहाड़ पूजा से लौट रहे इन दोनों युवकों को रौंद डाला। मृतक युवक की पहचान गालूडीह निवासी के रूप में की गई है, जो अपने मित्र के साथ पूजा के बाद लौट रहा था।

इस घटना ने पूजा स्थल पर खुलेआम बिक रही शराब पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि पवित्र धार्मिक आयोजन के दौरान भी प्रशासन की लापरवाही के कारण शराब की खुलेआम बिक्री हो रही थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस घटना पर कड़ा आक्रोश जताया है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक स्थलों पर शराब की बिक्री न केवल आस्था का अपमान है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो रही है। मृतक युवक का परिवार गहरे सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Share This Article