हर जिले में स्थायी CBT केंद्र बनाने की मांग, केंद्रीय शिक्षा मंत्री को JSM ने भेजा प्रस्ताव

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

हर जिले में स्थायी CBT केंद्र बनाने की मांग, केंद्रीय शिक्षा मंत्री को JSM ने भेजा प्रस्ताव

झाड़ग्राम, 08 अक्टूबर : देश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक स्थायी कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र (CBT) स्थापित करने की मांग को लेकर जंगलमहल स्वराज मोर्चा (JSM) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री को लिखित नीतिगत प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव JSM के केंद्रीय अध्यक्ष अशोक महतो की ओर से ई-मेल के माध्यम से भेजा गया है। इसकी एक प्रति राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक को भी भेजी गई है।

JSM का कहना है कि JEE, NEET, UGC-NET, GATE, NEST, TIFR, RRB, SSC, IBPS, CAT और CLAT समेत कई प्रतियोगी, भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाएं अब कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित होती हैं। ऐसे में ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परीक्षार्थियों के लिए नजदीकी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराना जरूरी है।

संगठन के अनुसार कई परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए अपने जिले से बाहर दूरदराज के शहरों तक जाना पड़ता है। इससे यात्रा, ठहरने और भोजन पर अतिरिक्त खर्च के साथ समय की भी बर्बादी होती है।

झाड़ग्राम के परीक्षार्थी देवनाथ प्रतिहार ने बताया कि 6 अक्टूबर को आयोजित SSC CGL परीक्षा के लिए उन्हें उत्तर 24 परगना के बादु, देवीपुर स्थित कामाख्या स्कूल ऑफ एजुकेशन केंद्र आवंटित हुआ था। आसपास पर्याप्त आवास नहीं होने के कारण उन्हें एक दिन पहले बारासात जाकर ठहरना पड़ा। उन्होंने कहा कि लंबी यात्रा से परीक्षा से पहले शारीरिक और मानसिक थकान के साथ अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ा।

JSM ने ‘एक जिला, एक स्थायी कंप्यूटर आधारित परीक्षा केंद्र’ नीति लागू करने का सुझाव दिया है। संगठन के अनुसार सरकारी कॉलेज, विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई और विद्यालयों के मौजूदा बुनियादी ढांचे को विकसित कर ऐसे केंद्र बनाए जा सकते हैं।

JSM अध्यक्ष अशोक महतो ने कहा कि भौगोलिक दूरी और आर्थिक कठिनाई किसी परीक्षार्थी के शिक्षा एवं रोजगार के अवसर में बाधा नहीं बननी चाहिए। संगठन ने केंद्र सरकार से प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर देशभर में चरणबद्ध तरीके से स्थायी CBT केंद्र स्थापित करने की मांग की है।

Share This Article