चक्रधरपुर रेल मंडल की समस्याओं को लेकर झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने सांसद जोबा मांझी से की मुलाकात 

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चक्रधरपुर रेल मंडल की समस्याओं को लेकर झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने सांसद जोबा मांझी से की मुलाकात 

रेल सुविधाओं के विस्तार और सुधार की कई माँगें रखीं, सांसद ने दिया सकारात्मक आश्वासन

 

चाईबासा, 05 जुलाई : झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद जोबा मांझी से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात सिंहभूम क्षेत्र की रेल सेवाओं में सुधार को लेकर की गई, जिसमें चक्रधरपुर रेल मंडल की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल ने रेल सेवाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण माँगें सांसद के समक्ष रखीं। इनमें प्रमुख रूप से चक्रधरपुर मंडल में ट्रेनों की देरी की समस्या का समाधान, बड़बिल–राउरकेला एक्सप्रेस का पुनः संचालन, और टाटानगर से बेंगलुरु के लिए एक नई सीधी ट्रेन सेवा की माँग शामिल थी। यह प्रस्तावित ट्रेन चाईबासा, केन्दुझारगढ़ और तिरुपति होते हुए बेंगलुरु तक जाएगी।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने बंद की जा चुकी अंत्योदय एक्सप्रेस की तर्ज पर टाटानगर से मुंबई एलटीटी के लिए एक नई नियमित ट्रेन चलाने, रांची–गुवा के बीच नई फास्ट मेमू सेवा शुरू करने तथा सिनी स्टेशन पर 18427/28 और 22805/06 ट्रेनों के ठहराव की माँग की।

चक्रधरपुर रेलवे यार्ड में पीटलाइन के पुनर्निर्माण और हावड़ा से चलकर मुंबई जाने वाली ट्रेनों में चक्रधरपुर के लिए GNWL (जनरल वेटिंग लिस्ट) कोटा निर्धारित करने का मुद्दा भी प्रमुख रूप से उठाया गया।

सांसद जोबा मांझी ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इन सभी मुद्दों को रेल मंत्री के समक्ष शीघ्र ही उठाएँगी। उन्होंने कहा कि सिंहभूम और कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं दिलाने की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन ने सांसद के सहयोग और सकारात्मक रुख के लिए आभार प्रकट किया और विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में क्षेत्रीय रेल यात्रियों को ठोस परिणाम देखने को मिलेंगे।

Share This Article