कनहेश्वर पहाड़ पर प्राकृतिक आस्था की पूजा सम्पन्न, झामुमो नेताओं की उपस्थिति में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर

Manbhum Updates
2 Min Read

कनहेश्वर पहाड़ पर प्राकृतिक आस्था की पूजा सम्पन्न, झामुमो नेताओं की उपस्थिति में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर

चकुलिया/बहरागोड़ा, 05 जुलाई : प्राकृतिक और लोक आस्था के केंद्र कनहेश्वर पहाड़ पर शनिवार को भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी तथा बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने विधिपूर्वक पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। प्राकृतिक शक्ति की आराधना को समर्पित इस पूजा ने लोक परंपराओं और जनभावनाओं को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया।

इस अवसर पर दोनों जनप्रतिनिधियों की पहल पर नाम्या स्माइल फाउंडेशन के सहयोग से एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर की जांच और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सैकड़ों ग्रामीणों ने इस शिविर का लाभ उठाया और इसे “जनसेवा की एक सराहनीय पहल” बताया।

इस दौरान झामुमो नेता कुणाल षाड़ंगी ने कहा, “प्राकृतिक शक्ति की आराधना हमारी सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है। श्रद्धालुओं की सेवा कर हमें संतोष और प्रेरणा दोनों मिलती है।”

वहीं विधायक समीर मोहंती ने कहा, “जनस्वास्थ्य और जनसेवा को लेकर हमारी प्रतिबद्धता हमेशा रही है। यह शिविर उसी सोच का एक छोटा लेकिन महत्वपूर्ण प्रयास है।”

इस कार्यक्रम में कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से झामुमो चाकुलिया प्रखंड अध्यक्ष शिव चरण हांसदा, प्रखंड प्रमुख धनंजय करूणामय, मुखिया राम मार्डी, पितला दास, राहुल महतो, राजेश सिंह, बिश्वजीत भोल, गौतम भारद्वाज, माधव सिंह, संजय सिंह, कमल लोचन बेरा, रामानंद गोस्वामी, प्रदीप गिरी, सूरज, विकास मिश्रा, और रॉनी महेश्वर की सहभागिता उल्लेखनीय रही।

पूरे आयोजन ने एक ओर जहां लोक आस्था को सम्मान दिया, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सेवा के माध्यम से एक सकारात्मक संदेश भी दिया।

Share This Article