हाथियों के झुंड के विचरण की सूचना, ग्रामीण रहें सतर्क

सांकेतिक छाया
तमाड़, 03 जुलाई : रांची जिले के तमाड़ वन प्रमंडल अंतर्गत सोनाहातु पूर्वी क्षेत्र के हेसाडीह पंचायत के राणाडीह मारांगबुरू पहाड़ में जंगली हाथियों का एक झुंड सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, झुंड में करीब 10 से 12 हाथी हैं, जिन्हें बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में देखा जा रहा है।
ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह झुंड कभी खेतों की ओर तो कभी पहाड़ी क्षेत्र की ओर आता-जाता देखा गया है। जिससे रात्रि के समय ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है। हाथियों के आने-जाने से फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है और वन रक्षकों की एक टीम क्षेत्र में भेजी गई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि झुंड के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है तथा हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि — रात के समय अकेले घर से बाहर न निकलें। हाथियों के झुंड के पास जाने या उन्हें भगाने का प्रयास बिल्कुल न करें।किसी भी प्रकार की गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी वन पदाधिकारी या पंचायत प्रतिनिधियों को दें।
हाथियों के इस झुंड को लेकर वन विभाग अलर्ट मोड में है। ग्रामीणों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए विभाग आवश्यक कदम उठा रहा है।



