उपायुक्त नितीश कुमार सिंह बोले – झारखंड खेल की धरती है, खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं
खरसावां, 03 जुलाई | भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, खरसावां में तीन दिवसीय जिला स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को धूमधाम से हुआ। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने फीता काटकर एवं फुटबॉल किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में उपायुक्त ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने का संदेश देते हुए कहा कि झारखंड शुरू से ही खेलों की उर्वर भूमि रही है। उन्होंने कहा, “चाहे हॉकी हो, तीरंदाजी, शूटिंग या फुटबॉल – राज्य के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। खूंटी की धरती हॉकी में प्रसिद्ध है तो सरायकेला-खरसावां फुटबॉल और तीरंदाजी के लिए देशभर में नाम कमा चुका है।”
उपायुक्त ने प्रतिभागी खिलाड़ियों से कहा कि वे बिना किसी दबाव के खेलें और अपने स्वाभाविक खेल से मैदान में उतरें। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें भविष्य में ऊंचाइयों तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त करती हैं।
इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों – सरायकेला, खरसावां, कुचाई, गम्हरिया, राजनगर, ईचागढ़, चांडिल, नीमडीह एवं कुकड़ू से बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के आयोजन से स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच मिल रहा है।



