मां जगधात्री के दरबार में पहुंचे सरायकेला नगर अध्यक्ष मनोज चौधरी, छह वार्ड पार्षदों ने भी टेका मत्था

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

हेंसल के 150 वर्ष से अधिक प्राचीन मंदिर से सरायकेला वासियों का जुड़ाव, जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की

सरायकेला, 19 नवंबर : राजनगर प्रखंड के प्रसिद्ध हेंसल स्थित मां जगधात्री मंदिर में इन दिनों भक्ति और आस्था का माहौल है। माता रानी के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी अपने सहयोगी वार्ड पार्षदों के साथ हेंसल पहुंचे और मां जगधात्री के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान छह वार्ड पार्षदों ने भी माता रानी के समक्ष मत्था टेका।

नगर अध्यक्ष के साथ वार्ड संख्या दो के पार्षद विक्रम सिंह मोदक, वार्ड संख्या पांच के गौतम नायक, वार्ड संख्या छह के पूर्व पार्षद सपन कामिला, वार्ड संख्या नौ के वरुण साहू, वार्ड संख्या 11 की अंजलि रॉय और वार्ड संख्या चार की सुषमा तियू उपस्थित रहीं।

पूजा-अर्चना के बाद मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि हेंसल और सरायकेला के लोगों का आपसी जुड़ाव वर्षों पुराना है। मां जगधात्री का यह मंदिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। 150 वर्ष से अधिक प्राचीन इस मंदिर से कई पीढ़ियों की धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। श्रद्धालु वर्षों से यहां पहुंचकर माता रानी का आशीर्वाद लेते आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मां जगधात्री के प्रति लोगों की अटूट आस्था ही उन्हें बार-बार मंदिर तक खींच लाती है। हेंसल की मां जगधात्री पूजा का सरायकेला सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है।

नगर अध्यक्ष ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला समिति की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना और मेले के सफल संचालन के लिए समिति के सदस्यों ने सराहनीय प्रयास किया है। इस दौरान उन्होंने मंदिर कमेटी की ओर से किए गए आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए आभार भी जताया।

अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने मां जगधात्री से सरायकेला सहित पूरे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और लोगों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मंदिर परिसर में माता रानी के भव्य दरबार के दर्शन कर सभी श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन नजर आए।

Share This Article