फाइनेंस कंपनी के एजेंट से लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

68,120 रुपये नकद, मोबाइल, टैबलेट, चाकू और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

जमशेदपुर, 19 नवंबर : पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए 68 हजार 120 रुपये नकद, मोबाइल और टैबलेट समेत वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक तथा अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को गोहालो जाने वाले रास्ते में बाइक सवार अपराधियों ने भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट को निशाना बनाया था। अपराधियों ने एजेंट से करीब 80 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल और एक टैबलेट लूट लिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू करते हुए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।

इसी क्रम में 18 नवंबर की शाम श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के केरकोचा के पास छापेमारी कर सेनापति बेरा (40) और नौशाद अंसारी (39) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 68,120 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल और टैबलेट बरामद किया। इसके अलावा एक चाकू, एक फाइटर और घटना में प्रयुक्त होंडा पैशन प्रो बाइक (JH05AR6727) भी जब्त की गई।

इस कार्रवाई में घाटशिला एसडीपीओ विकास आनंद तागुरी, पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह सहित धालभूमगढ़, श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

Share This Article