जिले में मनाया गया किशोरी सशक्तिकरण दिवस, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति किया जागरूक

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के लाभों की दी गई जानकारी, एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता और शिक्षा पर दिया गया जोर

सरायकेला, 18 नवंबर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह-2026 के तहत जिले में बुधवार को किशोरी सशक्तिकरण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों एवं प्रखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, शिक्षा और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इन कार्यक्रमों में सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र किशोरियों की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने तथा नए लाभार्थियों के पंजीकरण के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रखंड स्तर पर आवेदन सहायता शिविर आयोजित कर किशोरियों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान किशोरियों एवं महिलाओं को संतुलित और पोषणयुक्त आहार लेने, एनीमिया से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई। सुरक्षित मातृत्व के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम के साथ शपथ ग्रहण का आयोजन कर महिलाओं एवं किशोरियों को इन विषयों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर किशोरियों के बीच टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण किया गया। वहीं, किशोरी स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर जानकारी देने के साथ योजना के तहत मिलने वाली विभागीय सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके अलावा स्कीम फॉर एडोलसेंट गर्ल्स (एसएजी) के तहत भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।

आदित्यपुर बाल विकास परियोजना के अंतर्गत भी विशेष कार्यक्रम आयोजित कर किशोरियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, एनीमिया से बचाव, स्वास्थ्य और शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में संबंधित बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं ने सहभागिता निभाई।

उपायुक्त के निर्देश पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र किशोरियों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया है। अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं तक स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Share This Article