
जॉब कार्ड निर्गमन से लेकर विकास योजनाओं के चयन तक हुई कार्रवाई, ग्रामीणों को रोजगार के अधिकार एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
सरायकेला, 18 नवंबर : झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं वर्तमान राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिले में विकसित भारत–जी राम जी (VB-G RAM G) के तहत विशेष रोजगार सृजन अभियान चलाया जा रहा है। 15 से 28 नवंबर तक संचालित इस अभियान के तहत बुधवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता एवं रोजगार सृजन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस दौरान ग्रामीणों एवं श्रमिकों की सहभागिता से पंचायतों में प्रभात फेरी निकाली गई। इसके माध्यम से लोगों को योजना के प्रावधानों, रोजगार के अवसरों, जॉब कार्ड निर्माण तथा ग्रामीण विकास योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के तहत इच्छुक श्रमिकों से रोजगार की मांग को लेकर आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं, पात्र श्रमिकों को रोजगार गारंटी कार्ड उपलब्ध कराने तथा लंबित जॉब कार्ड निर्गमन की प्रक्रिया भी पूरी की गई।
इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों से व्यक्तिगत एवं सामुदायिक विकास योजनाओं के प्रस्ताव प्राप्त किए गए। स्थानीय जरूरतों और ग्रामीणों की मांग के अनुरूप बिरसा हरित ग्राम योजना, सिंचाई कूप, आंगनबाड़ी केंद्र, जीएसबी सड़क, नाला पुनर्जीवन, ड्राई बोरवेल रिचार्ज पिट एवं स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच जैसी योजनाओं के चयन और स्वीकृति की प्रक्रिया संचालित की गई।
अभियान के दौरान पूर्व से स्वीकृत योजनाओं का कार्य शुरू कराने, योजना स्थलों पर मेट की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मनरेगा पार्क एवं पूर्व में निर्मित परिसंपत्तियों का निरीक्षण करने जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ग्रामीणों को इन योजनाओं की उपयोगिता और उनसे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना, उनकी मांग के अनुरूप काम उपलब्ध कराना तथा गांवों में आधारभूत सुविधाओं एवं सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण को गति देना है। इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। रोजगार की मांग, जॉब कार्ड निर्गमन, योजनाओं की स्वीकृति और मानव दिवस सृजन की प्रगति की नियमित निगरानी भी की जा रही है।



