दलमा में हाथी की करंट से मौत पर वन एवं बिजली विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल, ग्राम सभा की अनुमति के बिना लटकते तार लगाने का आरोप

MANBHUM UPDATES
5 Min Read

 

दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच ने घटना के लिए विभागीय लापरवाही को ठहराया जिम्मेदार, कोल्हान संयोजक सुकलाल पहाड़िया ने दोनों विभागों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की

 

चांडिल, 17 नवंबर : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत गुंडा में बिजली के करंट की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय नर हाथी की मौत के मामले ने वन विभाग और बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। मंच के कोल्हान संयोजक सुकलाल पहाड़िया ने आरोप लगाया कि दलमा तराई क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और ग्रामीणों के संवैधानिक अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने हाथी की मौत के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच कर वन विभाग एवं बिजली विभाग के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

सुकलाल पहाड़िया ने कहा कि दलमा तराई क्षेत्र संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है। ऐसे क्षेत्र में ग्राम सभा के अधिकारों और सहमति की संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र में बिजली के तार लगाने, निर्माण कार्य, खनन और अन्य गतिविधियों को लेकर ग्राम सभा की भूमिका महत्वपूर्ण है, तो फिर कथित तौर पर बिना ग्राम सभा की सहमति के बिजली के तार कैसे लगाए गए? यदि तारों की ऊंचाई, सुरक्षा और रखरखाव का उचित ध्यान रखा गया होता, तो शायद एक बेजुबान हाथी की जान बचाई जा सकती थी।

उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 244(1), पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्रों पर विस्तार) अधिनियम यानी पेसा कानून-1996 की धारा 4 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 के प्रावधानों का हवाला देते हुए कहा कि पांचवीं अनुसूची के क्षेत्रों में ग्राम सभा के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। उनके अनुसार, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा भी ग्राम सभा की जिम्मेदारी और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

सुकलाल पहाड़िया ने आरोप लगाया कि दलमा क्षेत्र में पहले भी कथित तौर पर बिना उचित सहमति के खनन गतिविधियां हुईं, बिजली के तार लगाए गए और हाथियों के पारंपरिक आवागमन वाले रास्तों पर दबाव बढ़ा है। इसके बावजूद वन एवं बिजली विभाग की ओर से हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर वन्यजीवों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विभाग और बिजली आपूर्ति व्यवस्था के लिए जिम्मेदार विभाग अपनी जवाबदेही कब तय करेंगे?

उन्होंने कहा कि दलमा क्षेत्र में हाथियों की मौत की घटनाएं केवल वन्यजीवों का नुकसान नहीं हैं, बल्कि यह पूरी व्यवस्था की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करती हैं। एक विशालकाय टस्कर हाथी की करंट से मौत होना इस बात की गंभीर चेतावनी है कि वन्यजीवों के आवागमन वाले क्षेत्रों में बिजली के तारों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

दोनों विभागों पर कार्रवाई की मांग

दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच के कोल्हान संयोजक ने गुंडा में हाथी की मौत के मामले में बिजली के तारों की स्थिति, उनकी ऊंचाई, सुरक्षा मानकों और विभागीय निगरानी की जांच कराने की मांग की है। साथ ही वन विभाग और बिजली विभाग की भूमिका की जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा दोनों विभागों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई है।

सुकलाल पहाड़िया ने स्पष्ट कहा कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में ग्राम सभा के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल, जंगल, जमीन और वन्यजीवों की सुरक्षा का संघर्ष जारी रहेगा। सवाल यह है कि दलमा के जंगलों और हाथियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार विभाग आखिर कब अपनी जवाबदेही तय करेंगे?

Share This Article