उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुकड़ू में धूमधाम से मना बाल दिवस, प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चाचा नेहरू की 137वीं जयंती पर काटा गया केक, म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, निबंध और सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता हुए पुरस्कृत

 

कुकड़ू, 14 नवंबर : देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सरायकेला खरसावां जिले के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुकड़ू में बाल दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में केक काटकर चाचा नेहरू को याद किया गया। वहीं, बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनमें रचनात्मकता एवं प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, निबंध लेखन एवं सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

इस अवसर पर कुकड़ू पंचायत की मुखिया राधिका सिंह मुंडा, उपमुखिया मनोज मछुआ, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष धनंजय सिंह लाया सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बाल दिवस बच्चों की प्रतिभा, सपनों और उनके उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करने का अवसर है। बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लेना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

प्रधानाध्यापक संजीव बनर्जी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आगंतुक अतिथियों एवं बच्चों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई थी। सभी ने पूड़ी, बुंदिया, सब्जी, सलाद, अचार एवं पापड़ का आनंद लिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक कृतु मुर्मू, सोमचांद महतो, प्रभास चंद्र माझी, गुणाधर महतो, राबिन महतो सहित विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।

Share This Article