विराट बांदना पर्व में दिखी झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, गोरु खूंटान और झूमर गीतों ने बांधा समां

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

काडरगामा में भव्य सांस्कृतिक आयोजन, झारखंड, बंगाल और ओडिशा के कलाकारों ने दी मनमोहक प्रस्तुति, अतिथियों ने लोक परंपराओं को सहेजने का किया आह्वान

कुकड़ू, 13 नवंबर : झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में बंदना पर्व की धूम मची हुई है। इसी कड़ी में कुकड़ू प्रखंड के पारगामा पंचायत अंतर्गत काडरगामा मध्य विद्यालय मैदान में बंदना पर्व के अवसर पर विराट बंदना पर्व, पारंपरिक गोरु खूंटान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की नेत्री बेबी महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मोर्चा के उपाध्यक्ष गोपेश महतो शामिल हुए। इनके अलावा क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण झारखंड, बंगाल एवं ओडिशा के प्रसिद्ध कलाकार भोलानाथ महतो एवं उनकी टीम की झूमर गीतों की प्रस्तुति रही। कलाकारों ने पारंपरिक झूमर गीतों और लोकसंगीत से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। वहीं, गोरु खूंटान के पारंपरिक आयोजन ने ग्रामीणों को अपनी पुरानी सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू कराया।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि करम, सोहराय, बंदना और टुसू जैसे पर्व झारखंड की पहचान और सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन पर्वों के माध्यम से हमारी परंपराएं, रीति-रिवाज और पूर्वजों की विरासत पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती है। इन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी की है।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी लोकसंस्कृति और पारंपरिक पहचान को बचाए रखना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षण देते हैं, बल्कि समाज में आपसी एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

Share This Article