युवा उत्सव में लोकनृत्य, गीत, कविता और चित्रकला का दिखा हुनर, 250 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

‘नशा मुक्ति युवा, विकसित भारत’ थीम पर सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित, विजेता प्रतिभागी अब प्रमंडल स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

जमशेदपुर, 30 अक्टूबर : युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित इस उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 250 से अधिक बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘नशा मुक्ति युवा, विकसित भारत’ रखी गई थी।

खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड, नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी, मेरा युवा भारत के जिला युवा पदाधिकारी मोंटू पातर तथा जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. कमल कुमार महतो उपस्थित थे।

उत्सव के दौरान सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम में सामूहिक लोकनृत्य में ट्राइबल रिदम ने प्रथम, पटमदा डिग्री कॉलेज ने द्वितीय तथा गोमहर अखाड़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकगीत में करीम सिटी कॉलेज की टीम प्रथम, कला मंदिर बिष्टुपुर की टीम द्वितीय और पटमदा डिग्री कॉलेज की टीम तृतीय स्थान पर रही।

कविता लेखन प्रतियोगिता में नित्य झा ने प्रथम, अनम युसूफ ने द्वितीय और रोहित शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में वैभवी (डीएवी बिष्टुपुर) प्रथम, श्रुति मंडल द्वितीय तथा गौतम महतो तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में करीम सिटी कॉलेज की टीम सक्षम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञों को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया था। सामूहिक लोकगीत में आकाश देव और डॉ. सनातन दीप, कविता लेखन में वरुण प्रभात और शैलेंद्र अस्थाना, लोकनृत्य में डॉ. सुधा सिंह दीप एवं जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की ने निर्णायक की भूमिका निभाई। चित्रकला प्रतियोगिता का मूल्यांकन नागेश चौधरी और सुबोध कुमार पांडे ने किया, जबकि नुक्कड़ नाटक के निर्णायक झारखंड सांस्कृतिक मंच, जमशेदपुर के निर्देशक शिवलाल सागर थे।

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। चित्रकला प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को एनईपी के निदेशक राजेश कुमार ने पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

आयोजकों के अनुसार, जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। प्रमंडल स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेरा युवा भारत (नेहरू युवा केंद्र), राष्ट्रीय सेवा योजना और जिला प्रशासन के खेल विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share This Article