अफीम की खेती और अवैध शराब के कारोबार पर कसेगा शिकंजा, पुलिस-उत्पाद विभाग चलाएंगे संयुक्त अभियान

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

सरायकेला-खरसावां में NCORD कमेटी की बैठक, अफीम की खेती की आशंका वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और किसानों को वैकल्पिक खेती से जोड़ने का निर्देश

सरायकेला, 29 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में अफीम की खेती, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन सख्त रुख अपनाने की तैयारी में है। इसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, औचक छापेमारी और पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई पर जोर दिया गया है। साथ ही, अफीम की खेती की आशंका वाले क्षेत्रों के किसानों को वैकल्पिक खेती के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया है।

गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) कमेटी की बैठक हुई। इसमें मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नियंत्रण, अफीम की खेती की रोकथाम, अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उपायों की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अफीम की खेती की संभावना वाले क्षेत्रों में संयुक्त रूप से निगरानी करने और आवश्यक कार्रवाई के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। कृषि विभाग को किसानों को वैकल्पिक फसलों की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें वैध एवं टिकाऊ आजीविका के विकल्पों से जोड़ने को कहा गया।

नशे के खिलाफ चलेगा जागरूकता अभियान

बैठक में विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रखने के लिए विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर को दवा दुकानों की नियमित जांच करने तथा प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

अवैध शराब के खिलाफ संयुक्त छापेमारी

उत्पाद विभाग को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस और उत्पाद विभाग आपसी समन्वय से संयुक्त कार्रवाई करेंगे तथा अवैध शराब से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कदम उठाएंगे।

इसके अलावा, मुख्य बाजारों में शराब दुकानों के आसपास सड़क किनारे शराब पीने और इससे यातायात बाधित होने की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी करने को कहा गया। सार्वजनिक आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा संबंधित दुकानदारों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

Share This Article