जमशेदपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, 7 दिनों में मानगो बस स्टैंड से हटेंगी खराब बसें

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

सितंबर में 32 सड़क हादसों में 23 लोगों की मौत, 17 घायल; यातायात नियमों के उल्लंघन पर 236 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

जमशेदपुर, 26 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का निर्देश दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स तथा यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी समीक्षा बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय राजमार्गों से लेकर शहरी सड़कों तक अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

बैठक में मानगो बस स्टैंड में लंबे समय से खड़ी खराब बसों की अवैध पार्किंग का मामला भी उठा। उपायुक्त ने संबंधित बस संचालकों को नोटिस जारी करने तथा मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में अगले सात दिनों के भीतर बसों को हटाने की कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित नहीं होना चाहिए।

सितंबर में 23 लोगों की गई जान

सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा के दौरान सितंबर महीने में जिले में 32 दुर्घटनाओं में 23 लोगों की मौत और 17 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई। समीक्षा में वाहन चालकों की लापरवाही को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताया गया। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों की अनदेखी पर चिंता जताई गई। बाइक दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में केवल एक मामले में चालक के हेलमेट पहने होने की जानकारी सामने आई।

हाईवे से मरीन ड्राइव तक चलेगा अभियान

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी और यातायात डीएसपी को राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ मरीन ड्राइव समेत उन सड़कों पर भी लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया, जहां भारी वाहनों का परिचालन होता है। अवैध पार्किंग पर रोक लगाने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा गया।

इसके अलावा पोटका-जादूगोड़ा और डिमना-पटमदा समेत चिह्नित सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कराने का निर्देश आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को दिया गया। इससे सड़क पर दृश्यता बेहतर होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।

236 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित, 15.78 लाख रुपये जुर्माना

बैठक में बताया गया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में अब तक 236 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। वहीं, कुल 15,78,050 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। उपायुक्त ने नियमित वाहन जांच और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया। साथ ही, दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइनेज लगाने, सड़क सुरक्षा संबंधी बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव, घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी अमिताभ भगत समेत यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, एनएचएआई, आरसीडी और जुस्को के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article