मतदाता सूची में दावा-आपत्तियों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश, नोटिस वाले मामलों की उपायुक्त ने की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

मतदाता सूची में दावा-आपत्तियों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश, नोटिस वाले मामलों की उपायुक्त ने की समीक्षा

जमशेदपुर, 23 अक्टूबर : : पूर्वी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन, दावा-आपत्तियों के निष्पादन और नोटिस से संबंधित मामलों को लेकर शुक्रवार को जिला समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) के स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पादन करने और मतदाता पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रपत्र-6, 6ए, 7 और 8 के तहत प्राप्त दावा-आपत्तियों के डिजिटाइजेशन तथा उनके निष्पादन की प्रगति का आकलन किया गया। इसके साथ ही नो-मैपिंग और तार्किक विसंगति वाले मामलों में जारी प्रथम एवं द्वितीय नोटिस के निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कम आवेदन वाले मतदान केंद्रों पर पात्र मतदाताओं तक पहुंचने पर जोर

समीक्षा बैठक में वैसे मतदान केंद्रों की स्थिति पर भी चर्चा हुई, जहां प्रपत्र-6 के तहत 10 से कम आवेदन प्राप्त हुए हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मतदान केंद्रों पर पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने और मतदाता पंजीकरण से संबंधित कार्यों में तेजी लाने को कहा।

बैठक में उन मतदाताओं से संबंधित बूथवार सूची की भी समीक्षा की गई, जिनके मामलों में दो बार नोटिस जारी कर सुनवाई किए जाने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए हैं। इस संबंध में नवंबर के पहले सप्ताह में बीएलओ एवं बीएलए-2 की पांचवीं बैठक आयोजित करने की योजना है।

बैठक में संबंधित सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 के साथ साझा की जाएगी। साथ ही, संबंधित मतदान केंद्रों पर सूची का प्रकाशन भी किया जाएगा, ताकि संबंधित मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता मिल सके।

बैठक में ईआरओ सह धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (एईआरओ) एवं अन्य संबंधित अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Share This Article