खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानदारों को स्वच्छता के मानकों का पालन करने का दिया निर्देश, इस्तेमाल किए गए खाद्य तेल के सुरक्षित निपटान के प्रति किया जागरूक
आदित्यपुर, 16 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित एस-टाइप क्षेत्र में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की तैयारी से लेकर उनके भंडारण और बिक्री तक स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों के इस्तेमाल पर सख्त चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार और विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए निरीक्षण अभियान के दौरान दुकानदारों को खाद्य परिसर, बर्तनों और खाद्य पदार्थों को साफ रखने की हिदायत दी गई। उन्हें खाद्य सामग्री को धूल, गंदगी और अन्य दूषित तत्वों से सुरक्षित रखने तथा खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने वाले कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने का निर्देश दिया गया। कर्मचारियों को साफ कपड़े पहनने और नियमित रूप से हाथों की सफाई करने के लिए भी कहा गया।
खाद्य तेल के बार-बार इस्तेमाल से बचने की सलाह
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने दुकानदारों को इस्तेमाल किए गए खाद्य तेल के सुरक्षित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। उन्हें तेल का बार-बार इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि तेल में अत्यधिक झाग, धुआं, असामान्य रंग या गंध दिखाई देने पर उसका उपयोग बंद कर देना चाहिए। इस्तेमाल किए गए तेल का निपटान भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार करने को कहा गया।
औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल करने पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों के इस्तेमाल को लेकर दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में औद्योगिक रंगों का उपयोग प्रतिबंधित है। खाद्य सामग्री में केवल भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा अनुमत रंगों का ही निर्धारित सीमा और शर्तों के अनुसार इस्तेमाल किया जा सकता है।
विभाग ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की अपील की। विभाग के अनुसार, आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।



