जनता दरबार में 2.68 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण, सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार।

MANBHUM UPDATES
2 Min Read
    कुकड़ू, 13 जून : सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से कुकड़ू प्रखंड के फुटबॉल मैदान में एक भव्य जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, विधायक सविता महतो, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो समेत कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर कुल 2,68,35,441 (दो करोड़ अड़सठ लाख पैंतीस हजार चार सौ इकतालीस) की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया।

जनता दरबार में सखी मंडल, स्वयं सहायता समूह, फूलों-झानो आशीर्वाद योजना के लाभार्थियों को डेमो चेक, स्कूली बच्चों को साइकिल, विकलांगजनों को ट्राईसाइकिल, पशुपालन के लिए सहायता राशि, आवास योजना एवं वृद्धा पेंशन के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 20 स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन जमा किए। वृद्धा पेंशन, मैया योजना और आवास योजना के लिए सबसे अधिक आवेदन प्राप्त हुए।

विधायक सविता महतो ने कहा कि “जनता दरबार सरकार और जनता के बीच की दूरी को कम करता है और योजनाओं का सीधा लाभ दिलाता है।” वहीं उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने बताया कि “दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त आवेदनों पर तय समय सीमा में कार्रवाई करें।”

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और उन्हें लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन भी किया गया। उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे सरकार की जनहितकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं और जागरूक नागरिक बनकर समाज के विकास में योगदान दें।

Share This Article