ईचागढ़ के पांच मतदान केंद्रों का अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण पर जोर
चांडिल, 10 अक्टूबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर सचिव सुबोध कुमार ने शनिवार को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चांडिल प्रखंड स्थित पांच मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेगा हेल्प डेस्क कैंप, बीएलओ-बीएलए की बैठक और निर्वाचन पाठशाला में संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा मतदाता सूची की त्रुटियों में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में सुबोध कुमार ने मतदान केंद्र संख्या 261, 262, 310, 318 और 319 पर चल रहे निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और विवरणों में संशोधन की प्रक्रिया की जानकारी ली। साथ ही, मेगा हेल्प डेस्क कैंप में पहुंचे मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए की जा रही कार्रवाई का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या गंभीरता से सुनें और उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सुबोध कुमार ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। वहीं, नाम, पता अथवा अन्य विवरणों में सुधार के लिए पात्र मतदाताओं को फॉर्म-8 के उपयोग की जानकारी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने निर्वाचन पाठशाला में बच्चों के साथ सहभागिता की और उन्हें मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने आम नागरिकों से एसआईआर-2026 में सक्रिय भागीदारी निभाने और मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



