
सरायकेला, 12 जून : जिले में नशा उन्मूलन को लेकर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सरायकेला प्रखंड के पांडरा, पठानमारा, उपरदुगनी एवं सिनी पंचायत के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में एलईडी प्रचार वाहन के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। एलईडी वाहन से प्रेरक वीडियो, ऑडियो संदेश, स्लोगन व नारे के माध्यम से लोगों को नशा से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने और समाज को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की और नशा छोड़ने का संकल्प लिया। जिला प्रशासन द्वारा यह अभियान आगामी 26 जून तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंचाया जा सके।
अभियान का उद्देश्य है “नशा मुक्त झारखंड” की परिकल्पना को साकार करना तथा युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों में नशा विरोधी चेतना का व्यापक प्रसार करना।


