HLM Trophy : फाइनल मैच पर पहुंची चांडिल की जय तारा टीम, समापन समारोह पर झारखंडी कलाकार नीतेश कच्छप बिखरेंगे जलवा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

HLM Trophy : फाइनल मैच पर पहुंची चांडिल की जय तारा टीम, समापन समारोह पर झारखंडी कलाकार नीतेश कच्छप बिखरेंगे जलवा

चांडिल, 06 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत धातकीडीह-भादूडीह में दो दिवसीय विशाल फुटबॉल प्रतियोगिता HLM ट्रॉफी सीजन-05 का मंगलवार को भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ नागा संन्यासी जूना अखाड़ा के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पारडीह काली मंदिर के महंत विद्यानंद सरस्वती ने किया। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व फुटबॉल मैदान में ही समाजसेवी हरेलाल महतो ने केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। बताया गया कि समाजसेवी हरेलाल महतो के जन्मदिन के अवसर पर प्रत्येक वर्ष जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है।

मैच देखने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पहुंचने लगे। देखते ही देखते पूरा फुटबॉल मैदान दर्शकों से खचाखच भर गया। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए दर्शकों में भी जबरदस्त जोश देखने को मिला।

प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पहले दिन आठ टीमों के बीच मुकाबले हुए। दिन के रोमांचक मुकाबले में जय तारा, मुदीडीह-चांडिल और बम बम भोले, चांडिल के बीच सेमीफाइनल मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। इसके बाद ट्राई ब्रेकर से मुकाबले का फैसला हुआ, जिसमें जय तारा ने पांच गोल दागे, जबकि बम बम भोले की टीम तीन गोल ही कर सकी। इस जीत के साथ जय तारा ने फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

बुधवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन आठ टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें से विजेता टीम का फाइनल मुकाबला जय तारा के साथ होगा।

समापन पर रक्तदान शिविर और सांस्कृतिक कार्यक्रम

HLM ट्रॉफी सीजन-05 के समापन अवसर पर जन सेवा ही लक्ष्य की ओर से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। ब्रह्मानंद नारायणा हृदयालय ब्लड बैंक की टीम की मौजूदगी में बुधवार को दिनभर रक्तदान कराया जाएगा। वहीं, निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया है, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर विभिन्न प्रकार के बीमारियों की जांच करेंगे।

वहीं, प्रतियोगिता के समापन समारोह में भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें झारखंड के सुप्रसिद्ध गायक नितेश कच्छप एंड टीम अपनी प्रस्तुति देंगे।

मौके पर सरायकेला-खरसावां जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, नीमडीह जिला परिषद सदस्य असित सिंह पात्र, पूर्व जिला परिषद सदस्य मधुसूदन गोराई, भादूडीह मुखिया बुद्धेश्वर बेसरा, चिलगु मुखिया शत्रुघ्न सिंह, रूदिया मुखिया सुबोधनी माहली, नंदन कुंज पात्र, भरत महतो, दुर्योधन गोप, माधव सिंह मुंडा, रामकेवल सिंह, विजय सिंह, मनोरंजन ठाकुर, गोपेश महतो, दिनेश महतो, लक्ष्मीकांत महतो, गुरुचरण महतो सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे।

Share This Article