दुर्गा पूजा विशेष : चांडिल अनुमंडल के पंडालों में सीसीटीवी लगाने का आदेश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 05 अक्टूबर : आगामी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को चांडिल अनुमंडल मुख्यालय स्थित सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी नितिन कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभी थाना प्रभारी, दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। इनमें ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी एवं समाजसेवी विश्वरंजन महतो उर्फ कार्तिक महतो, गणेश वर्मा, अरुण बगड़िया सहित कई पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

बैठक में चांडिल बाजार क्षेत्र की दुर्गा पूजा समितियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की मांग की। इसके अलावा नालियों में जमा गंदे पानी की सफाई तथा तांती बांध से अर्जुन तल तक स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग भी रखी गई।

मौके पर एसडीओ ने चांडिल बाजार, डैम रोड सहित पूरे अनुमंडल क्षेत्र में बिजली के झूलते तारों और बिजली से संबंधित अन्य समस्याओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

सुरक्षा एवं चोरी-छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसडीओ ने सभी दुर्गा पूजा समितियों को अपने-अपने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। साथ ही पूजा पंडालों के अलावा धार्मिक, सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रमों के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात रखने को कहा।

वहीं, पुलिस को जुआ, मुर्गा लड़ाई सहित किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी पर पूरी तरह रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं सुचारू आयोजन सुनिश्चित करने के लिए पूजा समितियों से भी सहयोग की अपील की।

Share This Article