मिल गई हरी झंडी, 11 अक्टूबर को हरेलाल महतो भाजपा में होंगे शामिल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 02 अक्टूबर : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2019 और 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो के भाजपा में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है। आगामी 11 अक्टूबर को हरेलाल महतो भाजपा की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस मौके पर बड़े मिलन समारोह के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है।

हरेलाल महतो द्वारा भाजपा में शामिल होने की आधिकारिक घोषणा के बाद भाजपा नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का संदेश लेकर खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के पूर्व सदस्य सह वरिष्ठ भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी चिलगु स्थित हरेलाल महतो के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हरेलाल महतो से मुलाकात कर भाजपा में शामिल होने को लेकर संगठन की ओर से मिले संदेश की जानकारी दी।

बताया गया कि कुलवंत सिंह बंटी के माध्यम से हरेलाल महतो को भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए हरी झंडी मिलने का संदेश दिया गया। इसके बाद 11 अक्टूबर को प्रस्तावित मिलन समारोह की तैयारियों को लेकर दोनों के बीच विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान समारोह के आयोजन, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा पार्टी के किन बड़े नेताओं को कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाए, इस पर भी विचार-विमर्श किया गया। हरेलाल महतो के भाजपा में शामिल होने के कार्यक्रम को लेकर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Share This Article