कपाली में 4.71 करोड़ की 24 योजनाओं का शिलान्यास, जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कपाली में 4.71 करोड़ की 24 योजनाओं का शिलान्यास, जलजमाव की समस्या से मिलेगी राहत

चांडिल, 01 अक्टूबर : कपाली नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में गुरुवार को करीब 4 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत वाली 24 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से प्रस्तावित इन योजनाओं का शिलान्यास कपाली नगर परिषद परिसर के अलावा वार्ड संख्या 14 और वार्ड संख्या 8 में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान किया गया।

कार्यक्रम में इचागढ़ विधायक सविता महतो, नगर परिषद अध्यक्ष परवेज आलम, उपाध्यक्ष मोहम्मद शाबान सहित संबंधित वार्डों के पार्षद और नगर परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इन योजनाओं में वार्ड संख्या 8 और 4 के गौस नगर से सोनपद नाला तक करीब 1800 मीटर लंबा आरसीसी ड्रेन प्रमुख है। इस नाले के निर्माण से वार्ड संख्या 4, 5, 7, 8 और 15 सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश के दौरान होने वाले जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। जंगल क्षेत्र से आने वाले बारिश के पानी की निकासी इसी ड्रेन के माध्यम से सोनपद नाला तक की जाएगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों और नगर परिषद के पदाधिकारियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया। इसके बाद नगर परिषद परिसर में झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी गोपी किशन, सिटी मैनेजर शकील अनवर मेहंदी, काबलु महतो, शेख फरीद, मो. नौशाद, मो. अर्शद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Share This Article