734 करोड़ के कथित GST घोटाले में ED की छापेमारी, जमशेदपुर के तीन और बंगाल के चार ठिकानों पर कार्रवाई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

734 करोड़ के कथित GST घोटाले में ED की छापेमारी, जमशेदपुर के तीन और बंगाल के चार ठिकानों पर कार्रवाई

जमशेदपुर, 30 सितंबर : 734 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रांची टीम ने बुधवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ छापेमारी शुरू की। बताया जा रहा है कि ED की कार्रवाई जमशेदपुर के तीन और पश्चिम बंगाल के चार ठिकानों पर चल रही है।

यह मामला पूर्व में गिरफ्तार किए गए कोलकाता के कारोबारी शिव कुमार देवड़ा और अन्य लोगों से जुड़ा बताया जा रहा है। ED की टीम जिन ठिकानों पर जांच कर रही है, वे ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल, उनके अकाउंटेंट संजय पारेख और अन्य संबंधित लोगों से जुड़े बताए गए हैं।

जांच एजेंसी के अनुसार, जांच के दौरान ऐसे तथ्य सामने आए थे कि ज्ञान चंद जायसवाल ने कथित तौर पर वास्तविक सामान की आपूर्ति किए बिना ऐसी कंपनियों से इनवाइस हासिल किए, जिनका अस्तित्व नहीं था। इन कथित फर्जी इनवाइस के आधार पर नकली जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का लाभ उठाए जाने की आशंका है।

ED की टीम छापेमारी के दौरान संबंधित परिसरों में दस्तावेज, कारोबारी रिकॉर्ड और अन्य कागजात की जांच कर रही है। अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेन-देन और कंपनियों से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जाने की बात सामने आई है।

हालांकि, छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है या कितने दस्तावेज जब्त किए गए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। ED की कार्रवाई पूरी होने के बाद जांच एजेंसी की ओर से बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।

Share This Article