तीन दिनों से मूसलाधार बारिश, जमशेदपुर के कई इलाकों में जलजमाव – घरों में घुसा पानी, लोग परेशान
जमशेदपुर, 25 सितंबर : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से कोल्हान में लगातार बारिश हो रही है। जमशेदपुर में पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सड़कों और फ्लैट परिसरों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जबकि कई घरों में बारिश और नाली का पानी घुस गया है।
सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण सोनारी के आदर्श नगर अपार्टमेंट, बर्मामाइंस, मानगो, बारीडीह और काशीडीह समेत कई इलाकों में जलजमाव की समस्या सामने आई है। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोनारी के आदर्श नगर क्षेत्र में स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है। यहां फ्लैट के निचले हिस्से में पानी भर गया है और कई वाहन पानी में डूब गए हैं। कुछ लोगों को अपने घर खाली कर ऊपरी मंजिलों में शरण लेने को मजबूर होना पड़ा है।
लगातार बारिश के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, मेडिकल जाने वाले लोगों और नौकरीपेशा लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग जलजमाव के कारण अपने घरों में ही फंसे हुए हैं। घरों में पानी घुसने से लोगों को सामान और वाहनों के नुकसान की चिंता सता रही है।
इधर, लगातार बारिश के बीच जमशेदपुर से गुजरने वाली दोनों प्रमुख नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी हुई है। नदी का पानी खतरे के निशान के ऊपर पहुंचने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
लगातार बारिश और जलजमाव ने शहर की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर वर्ष कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।



