मूसलाधार बारिश से उफान पर जलप्रपात, प्रशासन ने जारी की सुरक्षा चेतावनी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मूसलाधार बारिश से उफान पर जलप्रपात, प्रशासन ने जारी की सुरक्षा चेतावनी

रांची, 24 सितंबर : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रांची जिले के प्रमुख जलप्रपातों में पानी का बहाव तेज हो गया है। जोन्हा, हुंडरू, दशम, सीता और रिमिक्स फॉल समेत अन्य जलप्रपातों एवं डैम का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

प्रशासन ने कहा है कि तेज जलधारा, फिसलन भरी चट्टानों और अचानक बढ़ते जलस्तर के कारण जलप्रपातों के आसपास जाना जोखिम भरा हो सकता है। लोगों से जलप्रपातों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है।

बारिश के दौरान डैम में नौका विहार नहीं करने तथा नशे की हालत में जलप्रपात या डैम क्षेत्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। पर्यटकों से पुलिस, स्थानीय प्रशासन और पर्यटक मित्रों द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है। जलप्रपातों के उफान के दौरान रोमांच के लिए जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित स्थान से ही प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने की सलाह दी गई है।

Share This Article