दो लाख की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू की निशानदेही पर जमीरा पहाड़ से AK-47 और इंसास राइफल समेत 210 गोलियां बरामद
जमशेदपुर/चाकुलिया, 24 सितंबर : पश्चिम बंगाल के मिदनीपुर क्षेत्र से पकड़ी गई दो लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली मालती मुर्मू की निशानदेही पर चाकुलिया थाना क्षेत्र के जमीरा पहाड़ से पुलिस और कोबरा जवानों की संयुक्त टीम ने हथियारों का जखीरा बरामद किया है। बरामद हथियारों में एक AK-47, एक इंसास राइफल, 210 गोलियां और कई मैगजीन शामिल हैं। पुलिस ने इसे नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम मालती मुर्मू को लेकर बर्डीकानपुर-कालापाथर पंचायत के जोभी गांव पहुंची। यहां से टीम पैदल जमीरा पहाड़ पर गई और मालती की निशानदेही पर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
बताया गया कि AK-47 के साथ 125 गोलियां तथा इंसास राइफल के साथ 85 गोलियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा कई मैगजीन भी मिली हैं। बरामद हथियारों और गोलियों को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मालती मुर्मू माओवादी एरिया कमेटी की सदस्य रही है और उसके खिलाफ झारखंड पुलिस की ओर से दो लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसका पति मंगल महतो उर्फ समीर भी नक्सली संगठन में सक्रिय रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों लंबे समय तक नक्सली संगठन से जुड़े रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, मालती और मंगल पहले माओवादी नेता कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी के सुरक्षा दस्ते में शामिल थे। वर्ष 2011 में किशनजी के मारे जाने के बाद दोनों बंगाल स्टेट कमेटी के सचिव असीम मंडल के सुरक्षा दस्ते में शामिल हो गए थे।
बताया गया है कि असीम मंडल के जंगल से बाहर निकलने के बाद मंगल और मालती ने जमीरा पहाड़ क्षेत्र में कुछ हथियार छिपा दिए थे। इसके बाद दोनों पश्चिम बंगाल में एक रिश्तेदार के यहां छिपकर रहने लगे।
असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मंगल और मालती से संबंधित जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों की तलाश तेज की थी। हालांकि, मंगल और मालती के आत्मसमर्पण की चर्चा भी सामने आ रही है। इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।



