विधायक सोमेश सोरेन के काफिले में हादसा, चार सुरक्षाकर्मी घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

गालूडीह के घुटिया गांव के पास एनएच-18 पर अनियंत्रित होकर पलटा वाहन, विधायक बाल-बाल बचे

जमशेदपुर/घाटशिला, 24 सितंबर : घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के काफिले में बुधवार शाम सड़क हादसा हो गया। गालूडीह थाना क्षेत्र के घुटिया गांव स्थित बकरी होटल के पास एनएच-18 फोरलेन पर विधायक के पीछे चल रहा सुरक्षाकर्मियों का वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। विधायक सोमेश चंद्र सोरेन इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

घायल सुरक्षाकर्मियों की पहचान रोहित कुमार वर्मा, सुराल हेंब्रम, पालू किस्कू और आशीष कुमार साव के रूप में हुई है। इनमें विधायक के पीए के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को दूसरे वाहन से टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक सोमेश चंद्र सोरेन भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। बताया गया कि विधायक और पार्टी के अन्य नेता घाटशिला प्रखंड के काशीदा पंचायत अंतर्गत मालेडीह गांव में संथाल एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मैच में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान घुटिया गांव के समीप एनएच-18 पर बने गड्ढे में सुरक्षाकर्मियों के वाहन का पहिया चले जाने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के कारण विधायक समेत पार्टी के अन्य नेता मालेडीह में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

Share This Article