कदमा में 23 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पत्नी ने परिजनों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
जमशेदपुर, 22 सितंबर : कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर में 23 वर्षीय युवक संजय तांडी ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, संजय ने करीब तीन-चार महीने पहले सोनारी की रहने वाली एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद उसकी पत्नी कई बार घर छोड़कर चली जाती थी।
बताया गया कि कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी घर नहीं लौटी और डिमना स्थित एक हॉस्टल में रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार, संजय लगातार फोन कर पत्नी को समझाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान फोन व्यस्त आने को लेकर वह तनाव में था। परिजनों ने यह भी बताया कि संजय को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था।
परिजनों के मुताबिक, बीती रात करीब 10 से 11 बजे के बीच संजय ने अपने कमरे में पंखे के सहारे फांसी लगा ली। खिड़की से उसे लटका देख परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उसे नीचे उतारा। इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
इधर, मृतक की पत्नी ने संजय के परिजनों पर उसे आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



