मानभूम शैली के छऊ नृत्य ने बांधा समां, मनसा पूजा में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मानभूम शैली के छऊ नृत्य ने बांधा समां, मनसा पूजा में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

राजनगर, 21 सितंबर : सरायकेला खरसावां जिला के राजनगर प्रखंड अंतर्गत भुईयांनाचना गांव में मनसा पूजा के अवसर पर पारंपरिक मानभूम शैली के छऊ नृत्य का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और देर रात तक छऊ नृत्य की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम में झामुमो नेता सह शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। गांव के मकरध्वज महतो ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रो. सोरेन ने फीता काटकर छऊ नृत्य कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।

छऊ नृत्य की प्रस्तुति के लिए पश्चिम बंगाल के पुरुलिया और पटमदा क्षेत्र से कलाकार पहुंचे थे। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, संगीत और नृत्य के माध्यम से मानभूम की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा को जीवंत किया। आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

इस दौरान प्रो. कालीपद सोरेन ने भुईयांनाचना गांव से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2008 के आसपास पहली बार गांव पहुंचे थे। उस समय गांव की सड़क और आवागमन की स्थिति काफी खराब थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं की सक्रियता एवं सकारात्मक सोच से गांव में धीरे-धीरे विकास की गति बढ़ी है।

उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी जरूरत या समस्या के समय वे उनसे बेहिचक संपर्क कर सकते हैं। सुख-दुख की हर घड़ी में ग्रामीणों के साथ खड़े रहने और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का प्रयास करने की बात कही।

मौके पर मकरध्वज महतो, दिनेश महतो, छोटू लाल महतो, धीरेन महतो, पबीर महतो, बिट्टू महतो, गगन महतो, हेमंत महतो, विकास महतो, संतोष महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article