हत्या की कथित साजिश की सूचना पर छापेमारी, हथियार के साथ पांच गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर, 17 सितंबर : जुगसलाई थाना क्षेत्र में हत्या की कथित साजिश रचे जाने की सूचना पर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस और फायरिंग से संबंधित एक खोखा बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर को वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में पूर्व से आरोपित सैफ अली उर्फ राज बच्चा अपने सहयोगियों के साथ मिल्लत नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय (गोलघर स्कूल) के पास हथियार लेकर जमा हुआ है।

सूचना में वहां सब्बु टाल वाला के बेटों की हत्या की कथित योजना बनाए जाने की भी जानकारी दी गई थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर पांच लोगों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अली उर्फ राज बच्चा, मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया, मो. शहनवाज उर्फ बिगाडू, मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल और मो. नसीम अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान सैफ अली उर्फ राज बच्चा की कमर से एक लोहे का देशी पिस्टल बरामद हुआ। पिस्टल की मैगजीन में दो जिंदा कारतूस लोड थे। इसके अलावा 7.65 एमएम का खोखा भी बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस के अनुसार, सैफ अली के खिलाफ पहले भी फायरिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। 9 अगस्त को सैय्यद रिजवान करीम की ओर से जुगसलाई थाना में दिए गए आवेदन में सैफ अली समेत कुछ अन्य लोगों पर जानलेवा फायरिंग के आरोप लगाए गए थे। शिकायतकर्ता ने जेल से बाहर आने के बाद अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई थी।

पुलिस का कहना है कि 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के दिन भी सैफ अली के मिल्लत नगर स्थित घर की छत पर कुछ लोगों के जुटने और कथित तौर पर फायरिंग किए जाने की जानकारी जांच में सामने आई थी। पुलिस इस घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 74/26, दिनांक 17 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस हथियार के स्रोत, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका, पूर्व की फायरिंग की घटनाओं और हत्या की कथित साजिश में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।

Share This Article